विराट और मीराबाई चानू को दिया जाएगा इस साल का खेल रत्न पुरस्कार, नीरज चोपड़ा को अर्जुन अवॉर्ड

विराट और मीराबाई चानू को दिया जाएगा इस साल का खेल रत्न पुरस्कार, नीरज चोपड़ा को अर्जुन अवॉर्ड
हाईलाइट
  • नीरज चोपड़ा को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली को इस साल का राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। विराट के अलावा भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड दिलाने वाली मीराबाई चानू को भी इस साल के खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा जाएगा। 

साल 2016 के खेल रत्न पुरस्कार के लिए विराट कोहली का नाम सामने आया था। लेकिन तब उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुना नहीं गया था। अब विराट को इस साल का खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। इससे पहले क्रिकेट जगत से क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को 1997 में यह सम्मान दिया गया था। उसके बाद भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को 2007 में खेल रत्न सम्मान प्राप्त हुआ था। अब विराट कोहली तीसरे क्रिकेटर हैं जिन्हें खेल रत्न से सम्मानित किया जाएगा। 

वहीं मीराबाई चानू की बात करें तो उन्होंने हाल ही में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने पिछले साल भारत के लिए वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड हासिल किया था। इसके बाद इस साल अप्रैल में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उन्होंने भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि चोट के चलते वह 18वें एशियन गेम्स 2018 में हिस्सा नहीं ले पाई थी। 

इसके अलावा देश के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। वहीं एथलीट जिन्सन जॉनसन, हिमा दास, सविता पुनिया क्रिकेटर स्मृति मंधाना, रोहन बोपन्ना, हॉकी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, शूटर अंकुर मित्तल, राही सरनोबत, श्रेयसी सिंह, शटलर सिक्की रेड्डी, सुमीत रेड्डी टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा, पूजा कादियान, शुभांकर शर्मा, पैरा खिलाड़ी अंकुर धाम और मनोज सरकार को भी इस साल का अर्जुन अवॉर्ड दिया जाएगा।

नीरज चोपड़ा ने पिछले कुछ समय में काफी नाम कमाया है। वो देश के लिए लगातार मेडल जीत रहें हैं। नीरज ने एशियन गेम्स में जैवलीन थ्रो इवेंट में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता। यह भारत का इस इवेंट में पहला गोल्ड है। नीरज ने न केवल गोल्ड जीता, बल्कि नया नेशनल रिकॉर्ड भी बनाया। वह एशियन गेम्स में भारत के ध्वजवाहक भी थे। इससे पहले उन्होंने इस साल कॉमनवेल्थ में भी गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके अलावा अंडर 20 एथलेटिक्स में भी उन्होंने रिकॉर्ड कायम करके गोल्ड हासिल किया था। 
 

Created On :   17 Sep 2018 11:47 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story