विराट कोहली, मीराबाई चानू को 25 सितंबर को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न

Virat Kohli, Mirabai Chanu to receive Rajiv Gandhi Khel Ratna on 25 September
विराट कोहली, मीराबाई चानू को 25 सितंबर को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न
विराट कोहली, मीराबाई चानू को 25 सितंबर को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न
हाईलाइट
  • खेल मंत्रालय ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर पुरस्कार विजेताओं की सूची जारी की।
  • राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दोनों खिलाड़ियों को राष्ट्रपति भवन में देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
  • विराट कोहली और मीराबाई चानू को 25 सितंबर को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और वर्ल्ड चैंपियन वेटलिफ्टर साईखोम मीराबाई चानू को 25 सितंबर को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। खेल मंत्रालय ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर पुरस्कार विजेताओं की सूची जारी की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दोनों खिलाड़ियों को राष्ट्रपति भवन में देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। कोहली और चानू को मेडल और प्रशस्ति पत्र सहित 7.5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

कोहली इस सम्मान को पाने वाले तीसरे क्रिकेटर होंगे। इससे पहले सचिन तेंदुलकर (1997) और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (2007) को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। ICC रैंकिंग में विराट कोहली दुनिया के नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज हैं। पिछले तीन सालों से कोहली शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। हालांकि 2016 और 2017 में नॉमिनेशन के बावजूद वह इस अवॉर्ड से चूक गए थे। 29 वर्षीय कोहली ने 71 टेस्ट मैचों में 23 शतकों के साथ 6147 रन बनाए है। वहीं 211 एकदिवसीय मैचों में 35 शतकों के साथ 9779 रन है।

साईखोम मीराबाई चानू को पिछले साल वर्ल्ड चैम्पियनशिप में 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक मिलने के बाद प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्होंने इस साल के राष्ट्रमंडल खेलों में भी सोने का तमगा जीता था लेकिन चोट के कारण एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पाईं। टोक्यो ओलंपिक में चानू को पदक के बड़े दावेदारों में माना जा रहा है।

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार: विराट कोहली और मीराबाई चानू।

अर्जुन पुरस्कार: नीरज चोपड़ा, जिन्सन जॉनसन और हिमा दास (ऐथलेटिक्स); एन सिक्की रेड्डी (बैडमिंटन); सतीश कुमार (मुक्केबाजी); स्मृति मंधाना (क्रिकेट); शुभंकर शर्मा (गोल्फ); मनप्रीत सिंह, सविता (हॉकी); रवि राठौड़ (पोलो); राही सरनोबत, अंकुर मित्तल, श्रेयसी सिंह (निशानेबाजी); मणिका बत्रा, जी सथियान (टेबल टेनिस); रोहन बोपन्ना (टेनिस); सुमित (कुश्ती); पूजा काडिया (वुशु); अंकुर धामा (पैरा-ऐथलेटिक्स); मनोज सरकार (पैरा-बैडमिंटन)।

द्रोणाचार्य पुरस्कार: सी ए कुट्टप्पा (मुक्केबाजी); विजय शर्मा (भारोत्तोलन); ए श्रीनिवास राव (टेबल टेनिस); सुखदेव सिंह पन्नू (एथलेटिक्स); क्लेरेंस लोबो (हॉकी, आजीवन); तारक सिन्हा (क्रिकेट, आजीवन); जीवन कुमार शर्मा (जूडो, आजीवन); वी आर बीडु (ऐथलेटिक्स, आजीवन)।

ध्यान चंद पुरस्कार: सत्यदेव प्रसाद (तीरंदाजी); भरत कुमार छेत्री (हॉकी); बॉबी अलॉयसियस (एथलेटिक्स); चौगले दादू दत्तात्रेय (कुश्ती)।    

Created On :   20 Sep 2018 6:50 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story