कांग्रेस को झटका!: पंजाब की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी AAP, उम्मीदवार अगले 10 दिन होंगे तय, CM केजरीवाल ने किया ऐलान

पंजाब की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी AAP, उम्मीदवार अगले 10 दिन होंगे तय, CM केजरीवाल ने किया ऐलान
  • आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दरार
  • पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ेगी दोनों पार्टी
  • केजरीवाल ने किया बड़ा ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन में लगातार फूट की खबरों के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। जिसके चलते विपक्षी गठबंधन में दरार देखने को मिल सकती है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया ने कहा कि अगले 10-15 दिनों में पंजाब की सभी 13 और चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। ऐसे में अब यह भी साफ हो गया है कि पंजाब में 'आप' और कांग्रेस के बीच कोई गठबंधन नहीं होगा। बता दें कि, ये दोनों ही पार्टियां इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं।

पहले से मिल रहे थे संकेत

पंजाब में 'आप' और कांग्रेस के बीच गठबंधन न होने के संकेत पहले ही मिल चुके थे। हाल ही में 'आप' के पंजाब प्रभारी और सांसद संदीप पाठक ने आधिकारिक तौर पर गठबंधन नहीं करने का फैसला किया था। हालांकि, अभी दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों को लेकर भी मामला स्पष्ट नहीं हो पाया है। संदीप पाठक ने मीडिया से दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों को लेकर कहा है, ''दोनों पार्टियों की प्रदेश इकाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। पंजाब के लिए सीट शेयरिंग कमिटी ने तय किया है कि 'आप' और कांग्रेस एक साथ चुनाव नहीं लड़ेगी। दिल्ली के लिए भी अभी चर्चा चल रही है।''

दरअसल, पंजाब में 'आप' और कांग्रेस एक साथ चुनाव लड़ने का विरोध बहुत पहले से कर रहे थे। इंडिया गठबंधन में 'आप' के शामिल होने के बावजूद भी सीएम भगवंत मान पंजाब में कांग्रेस पर हमलावर दिख रहे हैं। इस साल की शुरुआत में भगवंत मान ने "एक थी कांग्रेस" का बयान दिया था। जो कि काफी चर्चा में रहा।

इन राज्यों में भी कांग्रेस को लगेगा झटका

इधर, असम और गुजरात समेत कुछ राज्यों में भी 'आप' ने कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करने के संकेत दिए हैं। पिछले ही दिन 'आप' ने असम में अपने तीन उम्मीदवार को उतारने की मांग की थीं। 'आप' ने कहा, 'हम उम्मीद करते हैं कि इंडिया गठबंधन इसको स्वीकार करते हुए असम की तीन लोकसभा सीटें आप को दे दी जाएंगी।'

Created On :   10 Feb 2024 11:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story