लोकसभा चुनाव 2024: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन, राहुल गांधी ने कहा यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है!

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन,  राहुल गांधी ने कहा यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है!
  • कांग्रेस नहीं होती तो देश को आज़ादी नहीं मिलती- राउत
  • 'मणि भवन' में बापू की स्मृतियों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की
  • बाबा साहेब के आदर्शों पर चलकर हम संविधान की रक्षा करेंगे -कांग्रेस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा का आज महाराष्ट्र के मुंबई में समापन हो रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "अगर भारत 'मोहब्बत' का देश है तो नफरत क्यों फैलाई जा रही है? हम कहते हैं कि भाजपा नफरत फैलाती है लेकिन इस नफरत का एक आधार तो ज़रूर होगा, तो इस नफरत का आधार है अन्याय है। इस देश में हर दिन गरीबों, किसानों, दलितों, महिलाओं और युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने मुंबई के मणि भवन संग्रहालय से 'जन न्याय पदयात्रा' शुरू की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 'जन न्याय पदयात्रा' शुरू होने के तुरंत बाद मुंबई के मणि भवन संग्रहालय पहुंचे। गांधी ने संग्रहालय 'मणि भवन' में महात्मा गांधी की स्मृतियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हम पूज्य बापू के दिखाए मार्ग पर चलकर देश में प्रेम, भाईचारा, सद्भावना और न्याय की स्थापना करेंगे।

राहुल गांधी ने कहा बाबा साहेब के आदर्शों पर चलकर हम संविधान की रक्षा करेंगे।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा कांग्रेस नहीं होती तो देश को आज़ादी नहीं मिलती, कांग्रेस नहीं होती तो देश को नेतृत्व नहीं मिलता। कांग्रेस नहीं होती तो यह देश अखंड नहीं होता, ऐसी कई बातें हैं लेकिन भाजपा को यह बाते समझ नहीं आएंगी। वे(भाजपा) व्यपारियों और उद्योगपतियों का विचार करते हैं। अगर भाजपा न होती तो कई बातें होती, इस देश में दंगे नहीं होते, इस देश का रुपया मज़बूत होता, देश पर जो कर्ज़ है वह कम होता।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुई अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने कहा जिस हिंदुस्तान में हम पले-बढ़े हैं जिसमें किसी भी प्रकार भेदभाव नहीं है... हमें विभाजित करने का प्रयास हो रहा है, आज सत्ता में एक खास तरह की राजनीति है जो नफरत की राजनीति है। हमारे भगवानों का नाम लेकर नफरत फैलाई जा रही है, मैं एक हिंदू होने के नाते यह समझती हूं कि अगर आप भगवान का नाम लेकर कत्ल कर रहे हैं तो उससे बड़ा पाप कोई नहीं है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन है। यात्रा से पहले राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा - भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन है, पर यह अंत नहीं, न्याय की लड़ाई का आरंभ है! यात्रा के दौरान मैंने हर वर्ग के साथ हो रहे भयंकर अन्याय और उत्पीड़न को बहुत करीब से जाना और समझा। मैं देशवासियों की उम्मीदों भरी आंखों में छिपे छोटे-छोटे सपनों को अपने साथ लेकर जा रहा हूं। इस यात्रा से मेरा विश्वास और दृढ़ हुआ कि देश की पहली ज़रूरत न्याय है और हर वर्ग को समर्पित कांग्रेस के 5 न्याय ही संकटकाल से गुज़र रहे भारत की संजीवनी है।

आज चुनाव का बिगुल बज चुका है। कांग्रेस के सभी बब्बर शेर कार्यकर्ताओं, अब चैन से तभी बैठना, जब अन्याय का पर्याय बन चुकी इस सरकार को उखाड़ कर फेंक देना। हम जनता के जीवन से जुड़े ज़मीनी मुद्दों को लेकर चुनाव में उतरेंगे। हमारा चुनावी अभियान भी युवाओं को रोज़गार, महिलाओं को अधिकार, किसानों को सही दाम, श्रमिकों को सम्मान और वंचितों को हिस्सेदारी की गारंटी को समर्पित होगा। तो उठाओ न्याय की मशालें और गांव-गांव, गली-गली यह संदेश पहुंचा दो- देश को बचाना है, INDIA को जिताना है। जुड़ेगा भारत, जीतेगा INDIA!

Created On :   17 March 2024 5:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story