दुखद: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का आज सुबह करीब 3 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का आज सुबह करीब 3 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन
  • 21 फरवरी को दिल का दौरा पड़ा
  • आज सुबह करीब 3 बजे हुआ निधन
  • अविभाजित शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री मनोहर जोशी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का आज सुबह करीब 3 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें 21 फरवरी को दिल का दौरा पड़ने के बाद यहां भर्ती कराया गया था। वीडियो अस्पताल के बाहर से है। मनोहर जोशी 86 वर्ष के थे और बीते काफी समय से अस्पताल में भर्ती थे। शिवसेना के गठन में उनकी अहम भूमिका थी। मनोहर जोशी शिवसेना के संस्थापक बाला साहेब ठाकरे के बेहद करीबी थे। पूर्व लोकसभा स्पीकर और अविभाजित शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का निधन हो गया। मनोहर जोशी ने उद्धव ठाकरे की सार्वजनिक तौर पर आलोचना की थी,उसके बाद वे शिवसेना की राजनीति में हाशिए पर चले गए थे।

केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन गडकरी ने मनोहर जोशी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मनोहर जोशी के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति का 'सभ्य चेहरा' चला गया। मनोहर जोशी की सरकार में नितिन गडकरी ने बतौर मंत्री काम किया था। मनोहर जोशी का अंतिम संस्कार दादर इलाके में शिवाजी पार्क श्मशान घाट में किया जाएगा।

करियर

मनोहर जोशी ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत साल 1967 में बतौर अध्यापक की थी। मनोहर जोशी के राजनीतिक करियर की शुरुआत आरएसएस के साथ हुई थी, लेकिन बाद में वे शिवसेना में शामिल हो गए थे और करीब चार दशकों तक शिवसेना के साथ जुड़े रहे। इसके बाद वे 1968-70 तक मुंबई नगर निगम के पार्षद रहे और बाद में मुंबई नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। साल 1976-77 के बीच मनोहर जोशी मुंबई के मेयर भी रहे। मनोहर जोशी 1972 में महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य चुने गए और तीन कार्यकाल तक इसके सदस्य रहे।

1980 के दशक में मनोहर जोशी, शिवसेना के ताकतवर नेताओं में से एक बनकर उभरे थे और पार्टी संगठन पर अपनी पकड़ के लिए जाने जाते थे। साल 1990 में मनोहर जोशी महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य चुने गए और इस दौरान नेता विपक्ष भी रहे। साल 1995-1999 तक मनोहर जोशी अविभाजित शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री रहे। 1999 में हुए आम चुनाव में मुंबई की नॉर्थ-सेंट्रल लोकसभा सीट से चुनकर संसद पहुंचे और बाद में केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम किया। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में साल 2002 से लेकर 2004 तक वे लोकसभा स्पीकर भी रहे।

परिचय

2 दिसंबर, 1937 को महाराष्ट्र के तटीय कोंकण इलाके में मनोहर जोशी का जन्म हुआ था। मुंबई के प्रतिष्ठित वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की थी। मनोहर जोशी की पत्नी अनघा जोशी थीं, जिनका निधन साल 2020 में 75 साल की उम्र में हो गया था। मनोहर जोशी के परिवार में एक बेटे और दो बेटियां हैं।

Created On :   23 Feb 2024 4:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story