मणिपुर हिंसा पर हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, कहा- ऐसी बर्बरता पर चुप्पी भयानक अपराध

मणिपुर हिंसा पर हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, कहा- ऐसी बर्बरता पर चुप्पी भयानक अपराध
  • क्रूरता पर चुप्पी साधे रखना भयानक अपराध होगा।
  • राष्ट्रपति को पत्र लिखकर गहरा दुख व्यक्त किया है।
  • झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मणिपुर में जारी हिंसा में उठाए सवाल।

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मणिपुर में जारी हिंसा और आदिवासी महिलाओं से बर्बर सलूक वाले वीडियो पर भारत की राष्ट्रपति को पत्र लिखकर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि जनजाति भाई-बहनों के साथ घिनौनी बर्बरता और क्रूरता पर चुप्पी साधे रखना भयानक अपराध होगा।

उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मणिपुर में शांति-सद्भाव की बहाली और मानव गरिमा को सुनिश्चित करने के उपाय करने की गुहार लगाई है। उन्होंने पत्र में कहा है कि मणिपुर को मरहम की जरूरत है। एक राष्ट्र के तौर पर उसकी मदद जरूरी है। सीएम ने यह पत्र अपने ट्विटर हैंडल पर भी साझा किया है। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री और राष्ट्र के एक नागरिक के तौर पर मणिपुर में सैकड़ों निर्दोष लोगों की मौत, संपत्ति और सार्वजनिक ढांचे को पहुंचाए गए नुकसान पर गहरी व्यथा जाहिर की है।

उन्होंने लिखा है, मणिपुर दो महीने से ज्यादा समय से जल रहा है। जो सूचनाएं हैं उनके अनुसार, मणिपुर में बच्चों सहित 40 हजार से अधिक लोग विस्थापित हो गए हैं और अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं। कुछ निहित स्वार्थों की वजह से मौन समर्थन के साथ वहां जातीय हिंसा बेरोकटोक जारी है, जो दुःखद है। मणिपुर एक जनजातीय बहुल राज्य है, जो अपनी जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है। इस राज्य ने देश को कई श्रेष्ठ खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र को अनेक अंतर्राष्ट्रीय सम्मान और ओलंपिक पदक दिलाए हैं।

कुंजुरानी देवी, थोइबा सिंग, रेन्नेडी सिंग, डिंगको सिंग, मीराबाई चानू, सरिता देवी और मैरी कॉम जैसे खिलाड़ियों के नाम का जिक्र करते हुए सोरेन ने कहा है कि उन्होंने भी शांति बहाली की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने लिखा है, दो दिन पूर्व मणिपुर में आदिवासी महिलाओं के साथ जिस तरह से बर्बरतापूर्ण व्यवहार हुआ, वह अत्यंत चिंतनीय और निंदनीय है। इस घटना ने पूरे देश को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है। भारतीय संविधान में देशवासियों को प्राप्त सम्मान के अधिकार को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। एक समाज को कभी भी उस हद तक नहीं जाना चाहिए, जहां लोगों को उस तरह की शारीरिक, भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक क्रूरता का सामना करना पड़े। ऐसा प्रतीत होता है, मणिपुर में शांति, एकता और न्याय समाप्त होने के कगार पर है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को कहा है कि मणिपुर और देश के सामने संकट की इस घड़ी में हम आपको आशा और प्रेरणा के अंतिम स्रोत के रूप में देखते हैं जो इस कठिन समय में मणिपुर के लोगों को रोशनी दिखा सकती हैं। इस विकट परिस्थिति में आगे का रास्ता दिखाने, न्याय सुनिश्चित करने और मणिपुर की शांति एवं सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की अपील करता हूं।


अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 July 2023 2:28 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story