मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव-2023: प्रियंका की 4 महीने बाद महाकोशल में फिर एंट्री,आज मंडला में जनसभा को करेंगी संबोधित

प्रियंका की 4 महीने बाद महाकोशल में फिर एंट्री,आज मंडला में जनसभा को करेंगी संबोधित
  • फिर महाकोशल में प्रियंका गांधी की एंट्री
  • आदिवासी वोटरों पर रहेगा फोकस
  • कांग्रेस को 2018 के चुनाव में मिली थी आदिवासी सीटों पर बड़ी सफलता

डिजिटल डेस्क,मंडला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की ठीक 4 महीने बाद एक बार फिर महाकोशल में एंट्री होने जा रही है। वे आज (गुरूवार) मंडला के रामनगर में पहुंचेंगी और कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करेंगी। इससे पूर्व प्रियंका 11 जून को जबलपुर आई थीं और ग्वारीघाट में नर्मदा पूजा कर चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। आज रामनगर में होने वाली सभा के जरिये प्रियंका महाकोशल की 38 विधानसभा सीटों के मतदाताओं को साधेंगी। इस समय महाकोशल में कांग्रेस का 24 सीटों पर कब्जा है। 2018 में 13 सीटों पर भाजपा जीती थी। एक सीट पर कांग्रेस से बागी होकर लड़े निर्दलीय प्रत्याशी की जीत हुई थी।

विशेष विमान से कमलनाथ के साथ आएंगी

मप्र कांग्रेस के प्रवक्ता एवं मीडिया कोऑर्डिनेटर शहरयार खान के अनुसार प्रियंका गांधी प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ दिल्ली से विशेष विमान से 12 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11 बजे जबलपुर पहुंचेंगी। जबलपुर से हेलीकॉप्टर से पूर्वान्ह 11.45 बजे मंडला पहुंचेंगी। वहां पहुंचते ही प्रियंका चौगान मढिय़ा में पूजन करेंगी और उसके बाद रामनगर में जनसभा को संबोधित करेंगी। सभा पश्चात वे जबलपुर होते हुए दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

आदिवासी वोटर्स पर रहेगा फोकस

सूत्रों के अनुसार, प्रियंका मंडला की जनसभा के जरिये आदिवासियों को रिझाने का प्रयास करेंगी। महाकोशल की 38 में से 13 विधानसभा सीटें आदिवासियों के लिए आरक्षित हैं। 2018 के चुनाव में कांग्रेस 11 सीटों पर जीती थी। महाकोशल की मात्र 2 आदिवासी आरक्षित सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा सांसद राहुल गांधी एक दिन पहले मंगलवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी पहुंचे थे, जहां उन्होंने जातीय जनगणना का मुद्दा उठा कर आदिवासी, दलित तथा ओबीसी वोटर्स को साधने की कोशिश की थी।

Created On :   11 Oct 2023 5:06 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story