मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव-2023: आदिवासियों सहित सर्वहारा को साधने मंडला में प्रियंका के दो बड़े ऐलान,पहली से 12वीं तक बच्चों को मुफ्त शिक्षा, छठी अनुसूची लागू करेंगे

आदिवासियों सहित सर्वहारा को साधने मंडला में प्रियंका के दो बड़े ऐलान,पहली से 12वीं तक बच्चों को मुफ्त शिक्षा, छठी अनुसूची लागू करेंगे
  • प्रियंका गांधी ने किए दो बड़े वादे
  • पहली से 12वीं तक बच्चों को मुफ्त शिक्षा
  • मंडला में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क,मंडला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरूवार को मंडला में दो बड़े ऐलान किये। पहला, पहली से बारहवीं कक्षा तक नि:शुल्क (मुफ्त) शिक्षा दी जाएगी। दूसरा, जिस स्थान पर 50 प्रतिशत से अधिक आदिवासी आबादी होगी वहां छठी अनुसूची लागू की जाएगी। यहां रामनगर में कांग्रेस की जनाक्रोश रैली/सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कांग्रेस की सरकार बनते ही ‘पढ़ो पढ़ाओ योजना’ लागू की जाएगी। इसके तहत बच्चों कों पहली से 12वीं कक्षा तक नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। योजना के तहत कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को 500, नौवीं से दसवीं तक एक हजार और ग्यारहवीं से बारहवीं तक के बच्चों को हर महीने पंद्रह सौ रुपए मिलेंगे। उन्होंने यह ऐलान भी किया कि आपको आपके अधिकार मिलें इसके लिए जिस स्थान पर 50 प्रतिशत से अधिक आबादी होगी वहां छठी अनुसूची लागू की जाएगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के बैकलॉग पद तत्काल भरे जाएंगे। उपस्थित जनसमुदाय से प्रियंका ने कहा, मैं वोट नहीं आपसे आपकी जागरूकता मांगती हूं। हम सब यहां आपके लिए खड़े हैं। हम सबको बनाने वाले आप हैं। आप सत्ता नहीं देंगे, वोट नहीं देंगे तो इस मंच पर खड़े होने की किसी में हिम्मत नहीं है। आपके पास शक्ति है, आपके पास वोट है तो इसका इस्तेमाल कीजिए। जागरुक बनिए और अपने वोट का सही इस्तेमाल कीजिए। इस बार का चुनाव आपके भविष्य का चुनाव है। बटन दबाने से पहले यह जरूर सोचें कि आप कैसा भविष्य चाहते हैं।

ये घोषणा नहीं हमारी ‘पगड़ी’ है

प्रियंका ने, कांग्रेस की सरकार बनने पर ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण, छत्तीसगढ़ की तरह पेसा कानून लागू करने और जातिगत जनगणना की कराये जाने की बात दोहराई। उन्होंने पीएम आवास योजना में शहर और गांव में समान राशि देने, तेंदूपत्ता के लिए प्रति बोरा 4000 रुपये मजदूरी, सौ रूपये में 100 यूनिट बिजली मुफ्त और 200 यूनिट बिजली बिल हाफ, किसानों को सिंचाई के लिए 5 हार्सपॉवर बिजली मुफ्त, पुरानी पेंशन योजना, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह दिये जाने के कांगे्रस के वचनों को दोहराते हुए कहा कि, ये केवल घोषणा नहीं है बल्कि हमारी (कांग्रेस की) पगड़ी है। उन्होंने कहा मैं यहां आते ही जब चौगान की मढिय़ा गई तो वहां मुझे पता चला कि आप आदिवासी भाइयों के लिए ‘पगड़ी’ सब कुछ होती है। यह आपके सम्मान की प्रतीक है। हमारे वादे और घोषणाएं भी एक तरह से हमारी पगड़ी है। अगर हमने अपने वादे, अपनी घोषणाएं पूरी नहीं की तो हम अपनी ‘पगड़ी’ का सम्मान नहीं करेंग,। इसलिए हम अपने वादे और घोषणाएं पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भाजपा पर रहीं हमलावर

भाजपा पर हमलावर होते हुए प्रियंका ने कहा, 18 साल में 22 हजार से अधिक घोषणाएं। इनमें से कितनी पूरी हुईं। दस साल में मंडला से जबलपुर के बीच सडक़ नहीं बना सके। चार की जगह दो लेन में जरूर बदल दी। 250 घोटाले जरूर सामने आए। गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए, हर चीज पर जीएसटी लगा दी, छोटे रोजगार बंद करा दिए। रोजगार नहीं है, महंगाई बढ़ चुकी है। महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। क्या यही विकास है। विकास के नाम पर आपको छला जा रहा है। उन्होंने कहा, तेंदूपत्ता पर बोनस भाजपा क्यों नहीं देती। इंदिरा जी ने आप लोगों के लिए इसकी शुरूआत की थी। कांग्रेस ही आप लोगों के लिए मनरेगाा लाई थी, लेकिन सब काम बंद करा दिए। बोनस की जगह आपको चप्पल और छाता पकड़ा रहे हैं। क्या यही आपका सम्मान है।

इंदिरा गांधी का बार-बार किया जिक्र

अपने 47 मिनट के भाषण में प्रियंका ने 7 बार अपनी दादी इंदिरा गांधी का जिक्र किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से कहा, आपको इंदिरा जी पर भरोसा था और वे आपसे प्रेम करती थीं। आप उनको माता कहते थे और आज भी कहते हैं क्योंकि आपकी श्रद्धा उनसे जुड़ी हुई है। ये मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, इसीलिए जो बातें मैं कहूं वो सच हों और इंदिराजी के काम को आगे बढ़ाने वाली बात हो। उन्होने कहा,कांग्रेस ने आपको पट्टे देने की शुरुआत की थी। हम चाहते हैं किआपकी जमीन आपके पास रहे। आपको आपके अधिकार मिलें। शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों। अंत में उन्होंने कहा कि इंदिरा जी और आपके बीच जो प्रेम और सम्मान का रिश्ता था मैं उसे बनाए रखना चाहती हूॅं। और कांग्रेस जो वादे करती है,उसे हर हाल में पूरा करेगी।

पेसा कानून के नियम आप बनाएंगे : कमलनाथ

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, पेसा एक्ट जो इन्होंने 18 साल बाद लागू किया उसके नियम आप बनाएंगे, सरकार नहीं बनाएगी। आप ऐसे नियम बनाएंगे जिससेआपको आपका अधिकार मिले। इसी तरह से वनअधिकारों के लिए आप की समिति बनाई जाएगी, सरकार की नहीं। श्री नाथ ने कहा, विश्व आदिवासी दिवस का अवकाश दिया जाएगा। जगह-जगह विश्व आदिवासी दिवस का उत्सव मनाएंगे। वन अपराध के केस वापस लेेगे। बर्तन बैक बनाएगें। नौजवानों को रोजगार के लिए, रिक्त पदों को भरा जाएगा।

Created On :   12 Oct 2023 3:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story