राहुल को राहत: मानहानि केस में राहुल गांधी को मिली बड़ी राहत, सुल्तानपुर कोर्ट से मिली जमानत

मानहानि केस में राहुल गांधी को मिली बड़ी राहत, सुल्तानपुर कोर्ट से मिली जमानत
  • मानहानि केस में राहुल गांधी को मिली बड़ी राहत
  • सुल्तानपुर कोर्ट से राहुल गांधी को मिली जमानत
  • सिक्योरिटी-बेल बॉन्ड पर मिली कोर्ट से जमानत

डिजिटल डेस्क, सुल्तानपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर बयानबाजी को लेकर दर्ज मानहानि केस में बड़ी राहत मिली है। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में आज सुनवाई के बाद कांग्रेस नेता को जमानत मिल गई है। कोर्ट ने उन्हें 25-25 हजार की सिक्योरिटी और 25 हजार के बेल बॉन्ड पर जमानत दी है। गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ा यह मानहानि मामला करीब छह साल पुराना है।

छह साल पुराना है मामला

दरअसल, साल 2018 में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप था। इसके खिलाफ भाजपा नेता विजय मिश्रा ने उनके खिलाफ 4 अगस्त 2018 को मानहानि का मुकदमा दायर किया था। उन्होंने कांग्रेस नेता पर आरोप लगाया था कि उन्होंने 8 मई 2018 को बेंगलुरु में आयोजित एक जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री को हत्या का दोषी बताया था।

गृह मंत्री को कहा था हत्यारा

भाजपा नेता विजय मिश्रा ने कोर्ट में राहुल की पेशी से पहले कहा कि राहुल गांधी ने अमित शाह को हत्यारा कहा था। इसके साथ ही तमाम अपशब्द भी कहे थे। उसे लेकर हमने एक परिवाद दाखिल किया था। भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। इसलिए पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष को हत्यारा कहा जाएगा, यह अनुचित है। राहुल गांधी के इस टिप्पणी से हमे काफी ठेस पहुंची थी।

थोड़ी देर के लिए रूकी यात्रा

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सोमवार को 37 दिन हो गए हैं। उनकी यह यात्रा इस समय उत्तर प्रदेश में है। लेकिन आज सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी के पेश होने की वजह से कुछ देर के लिए उनकी यात्रा रोकनी पड़ी थी। हालांकि, दोपहर दो बजे उनकी यह यात्रा एक बार फिर से अमेठी के फुरसतगंज से शुरू हो जाएगी।

Created On :   20 Feb 2024 7:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story